शादीपुर की बेटी निष्ठा गुप्ता ने बढ़ाया क्षेत्र का मान, राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन के बाद सांसद हेमा मालिनी ने किया सम्मानित
रिपोर्ट सौरभ त्यागी बिजनौर

शादीपुर की बेटी निष्ठा गुप्ता ने बढ़ाया क्षेत्र का मान, राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन के बाद सांसद हेमा मालिनी ने किया सम्मानित
कोतवाली देहात। क्षेत्र के गांव शादीपुर की होनहार बेटी और प्रतिभाशाली तीरंदाज खिलाड़ी निष्ठा गुप्ता ने अपनी मेहनत, लगन और शानदार प्रदर्शन से पूरे क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया है। राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर मथुरा की सांसद एवं प्रसिद्ध अभिनेत्री हेमा मालिनी ने निष्ठा को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
निष्ठा गुप्ता वर्तमान में मथुरा में रहकर तीरंदाजी का प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। निष्ठा शादीपुर निवासी विवेक गुप्ता की पुत्री हैं। हाल ही में दिल्ली में आयोजित फाइनल वूमेन नेशनल रैंकिंग टूर्नामेंट में निष्ठा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया, जिससे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई।
इससे पहले भी निष्ठा ने आंध्र प्रदेश के गुंटूर में आयोजित अंडर-15 तीरंदाजी प्रतियोगिता में नेशनल रिकॉर्ड बनाकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था। इतनी कम उम्र में राष्ट्रीय स्तर पर लगातार उपलब्धियां हासिल करना न केवल परिवार बल्कि पूरे बिजनौर जनपद के लिए गर्व की बात मानी जा रही है।
मथुरा सांसद हेमा मालिनी ने अपने आवास पर निष्ठा गुप्ता को सम्मानित करते हुए उनकी पीठ थपथपाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि देश की बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और निष्ठा जैसी प्रतिभाएं युवाओं के लिए प्रेरणा हैं।
इस अवसर पर निष्ठा के कोच योगेंद्र सिंह राणा भी मौजूद रहे। क्षेत्र के लोगों ने निष्ठा की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि यदि बेटियों को सही मार्गदर्शन और अवसर मिले तो वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर सकती हैं।
निष्ठा गुप्ता की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में गर्व और उत्साह का माहौल है। ग्रामीणों और खेल प्रेमियों ने उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आने वाले समय में निष्ठा अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी भारत का तिरंगा बुलंद करेंगी।




