ग्राम पंचायत करौंदा चौधर में तालाब सफाई के नाम पर लाखों के घोटाले का आरोप, ग्रामीणों में भारी आक्रोश
रिपोर्ट हाजी मो कासिम बिजनौर

ग्राम पंचायत करौंदा चौधर में तालाब सफाई के नाम पर लाखों के घोटाले का आरोप, ग्रामीणों में भारी आक्रोश
बिजनौर। ब्लॉक कोतवाली क्षेत्र की ग्राम पंचायत करौंदा चौधर में स्थित “धोबिया तालाब” को लेकर बड़ा भ्रष्टाचार सामने आने का आरोप लगा है। ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान पति पर तालाब की सफाई और विकास कार्यों के नाम पर लाखों रुपये के सरकारी धन के दुरुपयोग का गंभीर आरोप लगाया है। मामले को लेकर गांव में भारी रोष व्याप्त है।
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले एक-दो वर्षों पूर्व भी तालाब की सफाई के नाम पर लाखों रुपये का भुगतान कराया गया था, लेकिन धरातल पर कोई वास्तविक कार्य दिखाई नहीं देता। आज भी तालाब गंदगी, बदबू, घास फूंस और जलभराव से भरा पड़ा हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि केवल कागजों में काम दिखाकर सरकारी धन निकालने का खेल चल रहा है।
गांव वालों ने आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान पति द्वारा अब पुनः फर्जी एमबी (Measurement Book) तैयार कराकर कई लाख रुपये का भुगतान कराने की तैयारी की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि मौके की निष्पक्ष जांच कराई जाए तो पूरा मामला खुलकर सामने आ जाएगा।
ग्रामीणों ने यह भी सवाल उठाए हैं कि इतने बड़े भुगतान से पहले क्या संबंधित विभागों से तकनीकी एवं प्रशासनिक स्वीकृति ली गई है या नहीं। उनका कहना है कि बिना वास्तविक कार्य के सरकारी धन निकालना सीधे-सीधे भ्रष्टाचार की श्रेणी में आता है।
मामले को गंभीर बताते हुए ग्रामीणों ने जिला पंचायत राज अधिकारी बिजनौर से शिकायत कर तत्काल भुगतान रोकने, उच्चस्तरीय जांच कराने, फर्जी एमबी की जांच करने और दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।




