कोटद्वार में पेड़ पर लटका मिला युवक का शव, गुमशुदगी की फोटो से हुई पहचान
रिपोर्ट जीवन कोतवाली देहात

कोटद्वार में पेड़ पर लटका मिला युवक का शव, गुमशुदगी की फोटो से हुई पहचान
ब्यूरो रिपोर्ट |
कोटद्वार
उत्तराखंड के कोटद्वार में करीब 20 दिन पहले मजदूरी करने के लिए घर से निकले एक युवक का शव पेड़ पर फंदे से लटका मिलने के मामले में उसकी पहचान हो गई है। युवक की पहचान बिजनौर जनपद के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के ग्राम भावनपुर कलां उर्फ भीमपुरा निवासी तनुज कुमार के रूप में हुई है। पहचान की जानकारी सामने आने के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार तनुज कुमार 29 अगस्त को मजदूरी करने के लिए उत्तराखंड के कोटद्वार गया था। अगले दिन 30 अगस्त को सिद्धबली मंदिर के पास एक पेड़ पर उसका शव फंदे से लटका मिला था। पहचान नहीं होने के कारण कोटद्वार पुलिस ने शव का अंतिम संस्कार करा दिया था।
इधर, तनुज के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने कोतवाली देहात थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस ने उसकी तलाश के लिए आसपास के थानों को युवक की जानकारी और फोटो भेजी थी।
शुक्रवार रात परिजनों को जानकारी मिली कि 30 अगस्त को कोटद्वार में सिद्धबली मंदिर के पास एक अज्ञात युवक का शव मिला था। पुलिस द्वारा भेजी गई गुमशुदगी की फोटो और शव की फोटो का मिलान कराया गया, जिसके बाद मृतक की पहचान तनुज कुमार के रूप में हुई।
शनिवार को तनुज के परिजन कोटद्वार पहुंचे। वहां पुलिस ने उन्हें बताया कि पहचान नहीं होने के कारण शव का अंतिम संस्कार कराया जा चुका है। बताया गया कि तनुज अविवाहित था और घर से उत्तराखंड में मजदूरी करने की बात कहकर निकला था।
घटना की जानकारी मिलने के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है। मामले में पुलिस की जांच और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।

रिपोर्टर जीवन कोतवाली देहात




