अपराधियों और भू-माफियाओं पर प्रशासन का बुलडोजर! 168 करोड़ की संपत्ति कुर्क, मचा हड़कंप
ब्यूरो रिपोर्ट बिजनौर

अपराधियों और भू-माफियाओं पर प्रशासन का बुलडोजर! 168 करोड़ की संपत्ति कुर्क, मचा हड़कंप
बिजनौर। उत्तर प्रदेश में अपराध और माफिया राज के खिलाफ चल रही सख्त कार्रवाई के तहत प्रशासन ने एक बार फिर बड़ा संदेश दिया है। गैंगस्टर अतीक अहमद की अवैध कमाई से अर्जित बताई जा रही लगभग 168 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्ति को कुर्क कर लिया गया है। यह कार्रवाई प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई, जिससे अपराध जगत और भू-माफियाओं में भारी खलबली मच गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत करीब 5.951 हेक्टेयर भूमि को कुर्क कर प्रशासनिक नियंत्रण में ले लिया गया है। इस संपत्ति में करोड़ों रुपये मूल्य का निर्मित स्लॉटर हाउस भी शामिल है। प्रशासन का कहना है कि यह संपत्ति अवैध गतिविधियों से अर्जित धन के माध्यम से खड़ी की गई थी।
जांच एजेंसियों के अनुसार फर्जी और कूटरचित दस्तावेजों के माध्यम से भूमि खरीदने तथा अवैध नेटवर्क संचालित करने के आरोप सामने आए हैं। फोरेंसिक जांच में भी कई महत्वपूर्ण तथ्य उजागर हुए हैं, जिसके बाद यह बड़ी कार्रवाई अमल में लाई गई।
प्रशासनिक अधिकारियों का स्पष्ट संदेश है कि प्रदेश में अपराध, भू-माफियागिरी और अवैध संपत्तियों के साम्राज्य को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अपराध की कमाई से खड़ी की गई एक-एक ईंट का हिसाब लिया जाएगा और कानून के शिकंजे से कोई नहीं बच सकेगा।
जनपद बिजनौर में हुई इस कार्रवाई को प्रदेश सरकार की अपराधियों के विरुद्ध “जीरो टॉलरेंस” नीति का बड़ा उदाहरण माना जा रहा है। आम जनता ने भी इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए मांग की है कि अन्य माफियाओं और अवैध कब्जाधारियों के विरुद्ध भी इसी प्रकार कठोर कदम उठाए जाएं।
संपादकीय टिप्पणी:
यदि प्रशासन इसी प्रकार निष्पक्ष और कठोर कार्रवाई जारी रखता है तो वह दिन दूर नहीं जब अपराधियों की अवैध संपत्तियों का साम्राज्य पूरी तरह ध्वस्त हो जाएगा और कानून का राज मजबूत होगा।




