समाजवादी नेता राजकुमार भाटी के विवादित बयानों पर विश्व हिंदू राष्ट्र सेना का तीखा प्रहार

समाजवादी नेता राजकुमार भाटी के विवादित बयानों पर विश्व हिंदू राष्ट्र सेना का तीखा प्रहार
प्रदेश प्रभारी ऋषि त्यागी बोले ब्राह्मण, जाट, गुर्जर समाज का अपमान किसी कीमत पर सहन नहीं होगा
बिजनौर/उत्तर प्रदेश।
विश्व हिंदू राष्ट्र सेना के प्रदेश प्रभारी ऋषि त्यागी ने समाजवादी पार्टी के नेता राजकुमार भाटी द्वारा ब्राह्मण समाज, जाट समाज, गुर्जर समाज एवं पारिवारिक परंपराओं को लेकर दिए गए कथित विवादित बयानों पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए तीखा हमला बोला है। ऋषि त्यागी ने कहा कि समाज को जातियों में बांटकर और सम्मानित समुदायों पर अमर्यादित टिप्पणियां करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण एवं निंदनीय है।
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार ब्राह्मणों, जाटों, गुर्जरों तथा “दो-दो पत्नियों” जैसे विषयों को लेकर सार्वजनिक मंचों पर टिप्पणी की गई, उससे समाज के करोड़ों लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। किसी भी समाज या समुदाय का मजाक उड़ाना राजनीतिक संस्कृति नहीं बल्कि सामाजिक वैमनस्य फैलाने का प्रयास है।
ऋषि त्यागी ने कहा कि ब्राह्मण समाज ने सदैव राष्ट्र और संस्कृति के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, वहीं जाट एवं गुर्जर समाज देश की सुरक्षा, किसान आंदोलन और सामाजिक एकता के प्रतीक रहे हैं। ऐसे सम्मानित समाजों के खिलाफ अपमानजनक भाषा का प्रयोग करना अत्यंत शर्मनाक है।
प्रदेश प्रभारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भविष्य में इस प्रकार की बयानबाजी बंद नहीं हुई तो विश्व हिंदू राष्ट्र सेना प्रदेशभर में बड़ा जनआंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज अब किसी भी प्रकार का अपमान सहन करने वाला नहीं है और सनातन संस्कृति के खिलाफ बोलने वालों को लोकतांत्रिक तरीके से करारा जवाब दिया जाएगा।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि समाज में तनाव फैलाने वाले विवादित बयानों पर तत्काल संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई की जाए, ताकि प्रदेश में सामाजिक सौहार्द एवं कानून व्यवस्था बनी रहे।
ऋषि त्यागी ने सभी हिंदू समाजों से एकजुट रहने की अपील करते हुए कहा कि जातियों में बंटने के बजाय सनातन और राष्ट्रहित के लिए संगठित होकर कार्य करना समय की आवश्यकता है।




