तरबूज खाने के बाद एक ही परिवार पर टूटा कहर, युवती की मौत से गांव में मातम
रिपोर्ट सौरभ त्यागी बिजनौर

📰 उत्तराखंड अभी तक न्यूज़
शुक्रवार 08 मई 2026
📍 उत्तर प्रदेश/बिजनौर / कोतवाली देहात
🔴 तरबूज खाने के बाद एक ही परिवार पर टूटा कहर, युवती की मौत से गांव में मातम
कोतवाली देहात क्षेत्र के ग्राम शेरनगर नरेनी में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब तरबूज खाने के कुछ ही देर बाद एक ही परिवार के तीन लोगों की हालत अचानक बिगड़ गई। उपचार के दौरान परिवार की युवती मुस्कान की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि परिवार के अन्य दो सदस्य गंभीर हालत में उपचाराधीन बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार ग्राम निवासी जियाउल रहमान अपने परिवार के साथ घर पर तरबूज खा रहे थे। तरबूज खाने के कुछ समय बाद ही जियाउल रहमान, उनकी पत्नी और पुत्री मुस्कान की तबीयत अचानक खराब होने लगी। परिवार में चीख-पुकार मच गई और आनन-फानन में परिजन उन्हें उपचार के लिए निजी चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे।
बताया जा रहा है कि चिकित्सक तक पहुंचने से पहले ही मुस्कान ने रास्ते में दम तोड़ दिया। युवती की मौत की खबर फैलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और लोग खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर सवाल उठा रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार मृतका मुस्कान का कुछ समय पहले ही विवाह तय हुआ था और जल्द ही उसकी शादी होने वाली थी। अचानक हुई इस घटना ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।
ग्रामीणों ने प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से मामले की गंभीर जांच कराने तथा बाजार में बिक रहे फलों की जांच कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते जांच नहीं हुई तो इस तरह की घटनाएं दोबारा भी हो सकती हैं।
स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा मामले की जांच किए जाने की चर्चा है, वहीं क्षेत्र में बिक रहे फलों की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।



