उत्तर प्रदेश

बिजनौर में शिक्षक की नियुक्ति पर उठे गंभीर सवाल, विजिलेंस जांच की मांग

बिजनौर में शिक्षक की नियुक्ति पर उठे गंभीर सवाल, विजिलेंस जांच की मांग

 

बिजनौर। जनपद बिजनौर के विकासखंड अफजलगढ़ स्थित प्राथमिक विद्यालय रामनगर गोसाई में तैनात शिक्षक श्री अखिलेश कुमार की नियुक्ति को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। एकता सेवा सोसाइटी उत्तर प्रदेश ने उत्तर प्रदेश राज्य सतर्कता आयोग (विजिलेंस) को विस्तृत शिकायत भेजकर पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

 

संस्था के अध्यक्ष आर.पी. सिंह द्वारा भेजी गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि संबंधित नियुक्ति से जुड़े अभिलेखों, सेवा पुस्तिका की प्रविष्टियों, जनसुनवाई में प्राप्त बयानों तथा विभागीय रिकॉर्ड में गंभीर विरोधाभास मौजूद हैं। शिकायत के अनुसार, संबंधित शिक्षक के पिता श्री रामचंद्र सिंह के संबंध में उपलब्ध अभिलेखों और गवाहों के बयानों में अंतर पाया गया है, जिसकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है।

 

शिकायत में यह भी कहा गया है कि वर्ष 2011 से लेकर अब तक कई स्तरों पर शिकायतें किए जाने के बावजूद मूल नियुक्ति फाइल, सेवा अभिलेख एवं अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज पूर्ण रूप से उपलब्ध नहीं कराए गए। संस्था का आरोप है कि रिकॉर्ड उपलब्ध न कराए जाने से पूरे प्रकरण पर संदेह और गहरा हो गया है।

 

एकता सेवा सोसाइटी ने विजिलेंस से मांग की है कि रिकॉर्ड रूम, कोषागार, पेंशन कार्यालय, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय तथा शिक्षा निदेशालय से मूल अभिलेख मंगाकर उनका सत्यापन कराया जाए। साथ ही जनसुनवाई में दर्ज गवाहों के बयानों को भी जांच का हिस्सा बनाया जाए।

 

संस्था ने यह भी मांग की है कि सेवा पुस्तिका एवं संबंधित दस्तावेजों का फोरेंसिक परीक्षण कराया जाए और यदि जांच में किसी प्रकार की अभिलेखीय हेरफेर, तथ्य छिपाने या नियमविरुद्ध नियुक्ति की पुष्टि होती है तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की जाए।

 

आर.पी. सिंह ने कहा कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो संस्था उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर प्रकरण को अन्य सक्षम जांच एजेंसियों तथा न्यायालय के समक्ष भी उठाएगी।

Director & chief

उत्तराखंड अभी तक न्यूज़ खबरें छुपता नहीं दिखता है। देशहित सर्वोपरि

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!