कोतवाली देहात में राष्ट्रभक्ति और श्रद्धा के साथ हवन एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम
रिपोर्ट जीवन कोतवाली देहात

कोतवाली देहात में राष्ट्रभक्ति और श्रद्धा के साथ हवन एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम
कोतवाली देहात! धर्मशाला में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रभक्ति और श्रद्धा से ओत-प्रोत कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान हवन यज्ञ कर देश की उन्नति, समृद्धि, शांति एवं प्रगति की कामना की गई। उपस्थित लोगों ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।

हवन एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम के उपरांत राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया गया। सभी उपस्थित लोगों ने सम्मानपूर्वक राष्ट्रगान गाया तथा देश की एकता, अखंडता और समृद्धि के लिए संकल्प लिया।
इसी अवसर पर बिश्नोई धर्मशाला में ब्रह्मलीन स्वामी राजेन्द्रानन्द जी महाराज की पुण्यतिथि पर भी श्रद्धापूर्वक हवन यज्ञ आयोजित किया गया। सत्यकाम विश्नोई ने विधि-विधानपूर्वक मंत्रोच्चारण के साथ हवन सम्पन्न कराया। श्रद्धालुओं ने आहुति देकर स्वामी जी को नमन किया तथा उनके चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर उनके सेवा, त्याग, प्रेम, जीवदया, गौसेवा एवं समाज कल्याण के आदर्शों को स्मरण किया।
कार्यक्रम के उपरांत बिश्नोई सभा के कार्यकर्ताओं ने गौशाला पहुंचकर गौमाता को चारा एवं गुड़ खिलाकर गौसेवा की। इस दौरान स्वामी राजेन्द्रानन्द जी महाराज के गौसेवा और जीवदया के संदेश को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सचिन विश्नोई का विशेष योगदान रहा। उपस्थित लोगों ने कहा कि स्वामी राजेन्द्रानन्द जी महाराज के सेवा, त्याग और समाज कल्याण के विचार सदैव समाज का मार्गदर्शन करते रहेंगे।




