ड्यूटी के दौरान तैनात एक सरकारी डॉक्टर के शराब के अत्यधिक नशे में धुत होने का सनसनीखेज खुलासा हुआ है।
पत्रकार सौरभ त्यागी

कोतवाली देहात स्थित प्राथमिक/सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से स्वास्थ्य विभाग की साख पर सवाल खड़ा करने वाला एक बड़ा मामला सामने आया है। ड्यूटी के दौरान तैनात एक सरकारी डॉक्टर के शराब के अत्यधिक नशे में धुत होने का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। इलाज के लिए पहुंचे मरीजों और उनके परिजनों ने जब डॉक्टर को नशे की हालत में देखा, तो अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया और परिजनों ने इसका विरोध करते हुए जमकर हंगामा किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोतवाली देहात स्थित स्वास्थ्य केंद्र में रोजाना की तरह आसपास के गांवों से दर्जनों मरीज इलाज और इमरजेंसी सेवाओं के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर अंकित चौधरी की अजीबोगरीब हरकतों और अभद्र व्यवहार को देखकर मरीजों को संदेह हुआ।
आरोप है कि डॉक्टर शराब के इतने अधिक नशे में थे कि वे सही से खड़े भी नहीं हो पा रहे थे और मरीजों को देखने की स्थिति में नहीं थे।
मरीजों के साथ बदसलूकी इलाज कराने आए ग्रामीणों और पीड़ितों का आरोप है कि जब उन्होंने समय पर दवा और इलाज की मांग की, तो डॉक्टर ने उनके साथ अभद्रता शुरू कर दी।
*वीडियो हुआ वायरल: मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने शराबी डॉक्टर का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं का बुरा हाल है। सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की लापरवाही और इस तरह ड्यूटी पर शराब पीकर आने से मरीजों की जान जोखिम में पड़ रही है। स्थानीय लोगों ने आरोपी डॉक्टर के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और बर्खास्तगी की मांग की है।




