उत्तर प्रदेश

कांवड़ियों के मोबाइल चोर गिरोह का भंडाफोड़, पांच गिरफ्तार

8 मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिल बरामद, बेचने की फिराक में थे आरोपी

 

बिजनौर। थाना कोतवाली देहात पुलिस ने कांवड़ यात्रियों के मोबाइल फोन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के 8 मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।

पुलिस के अनुसार कांवड़ यात्रियों के मोबाइल चोरी होने के मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस टीम ने तेजी से जांच शुरू की। साक्ष्य संकलन के आधार पर 8 अगस्त की रात ग्राम सराय डडूम्बर जाने वाले रास्ते पर स्थित आम के बाग से पांचों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजहर पुत्र मोहम्मद उमर, उजैर पुत्र इकबाल, अमन पुत्र आसिम, अनस पुत्र अनीस और शाहरुख पुत्र वसीम, सभी थाना किरतपुर क्षेत्र, जनपद बिजनौर के निवासी के रूप में हुई है।

पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने कांवड़ यात्रियों के मोबाइल चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने 4 अगस्त की रात वसीरपुर क्षेत्र से पांच तथा 6 अगस्त को बौसपुर तिराहे के पास से तीन मोबाइल फोन चोरी किए थे। बरामद मोबाइलों को आरोपी बेचने के लिए ले जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

विश्व हिंदू राष्ट्र सेना ने पुलिस कार्रवाई का किया स्वागत

कांवड़ यात्रियों के मोबाइल चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार करने पर विश्व हिंदू राष्ट्र सेना के प्रदेश प्रभारी ऋषि त्यागी ने थाना कोतवाली देहात पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना की।

ऋषि त्यागी ने थाना प्रभारी सुनील सहरावत के नेतृत्व में की गई पुलिस कार्रवाई की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चोरी के मोबाइल बरामद कर आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो सराहनीय कदम है।

उन्होंने कहा कि पुलिस की ऐसी त्वरित कार्रवाई से कांवड़ यात्रियों में सुरक्षा की भावना मजबूत होती है। उन्होंने थाना कोतवाली देहात पुलिस से इसी प्रकार आगे भी असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई जारी रखने की अपेक्षा की।

पुलिस टीम में उपनिरीक्षक रमेश गिरी, उपनिरीक्षक विपिन कुमार, हेड कांस्टेबल नीरज कुमार, हेड कांस्टेबल गौतम कुमार, कांस्टेबल अजय कुमार तथा रिजर्व कांस्टेबल रवि कुमार शामिल रहे।

Director & chief

उत्तराखंड अभी तक न्यूज़ खबरें छुपता नहीं दिखता है। देशहित सर्वोपरि

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!