ग्राम विकास अधिकारी के शैक्षिक प्रमाणपत्रों की जांच की मांग, शासन को भेजी गई शिकायत
रिपोर्ट हाजी मो कासिम बिजनौर

ग्राम विकास अधिकारी के शैक्षिक प्रमाणपत्रों की जांच की मांग, शासन को भेजी गई शिकायत
बिजनौर। जनपद बिजनौर के ग्राम विकास विभाग के एक विकास खंड में तैनात एक ग्राम विकास अधिकारी के शैक्षिक योग्यता प्रमाणपत्रों की सत्यता को लेकर गंभीर शिकायत शासन स्तर पर भेजी गई है। शिकायतकर्ता द्वारा ग्राम्य विकास विभाग, उत्तर प्रदेश शासन, लखनऊ को प्रेषित पत्र में संबंधित अधिकारी के शैक्षिक अभिलेखों की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच कराए जाने की मांग की गई है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि संबंधित ग्राम विकास अधिकारी द्वारा नियुक्ति के समय प्रस्तुत किए गए शैक्षिक प्रमाणपत्रों की प्रामाणिकता संदिग्ध प्रतीत होती है। शिकायतकर्ता ने शासन से अनुरोध किया है कि संबंधित विद्यालयों एवं शिक्षा बोर्डों से अभिलेखों का सत्यापन कराकर वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जाए।
सूत्रों के अनुसार शिकायत में यह भी मांग की गई है कि यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता अथवा फर्जीवाड़ा पाया जाता है तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध नियमानुसार विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
वहीं, मामले को लेकर विभागीय अधिकारियों का कहना है कि शासन स्तर पर प्राप्त होने वाली शिकायतों का नियमानुसार परीक्षण किया जाता है तथा आवश्यक होने पर संबंधित अभिलेखों की जांच कराई जाती है। फिलहाल मामले में किसी भी प्रकार की आधिकारिक जांच रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं हुई है।
अब देखना यह होगा कि शासन स्तर पर इस शिकायत को कितनी गंभीरता से लिया जाता है और जांच के बाद क्या तथ्य सामने आते हैं। मामला जनपद में चर्चा का विषय बना हुआ है।




