बिजनौर पुलिस में बड़ा एक्शन: गौकशी रोकने में नाकाम छह पुलिसकर्मी सस्पेंड, विभाग में मचा हड़कंप
ब्यूरो रिपोर्ट बिजनौर

उत्तराखंड अभी तक न्यूज़
शनिवार, 9 मई 2026
बिजनौर पुलिस में बड़ा एक्शन: गौकशी रोकने में नाकाम छह पुलिसकर्मी सस्पेंड, विभाग में मचा हड़कंप
बिजनौर जनपद में लगातार सामने आ रही गौकशी की घटनाओं पर पुलिस विभाग की कार्यशैली पर आखिरकार बड़ा प्रहार हुआ है। गौकशी रोकथाम में कथित लापरवाही, ढिलाई और जिम्मेदारियों के निर्वहन में गंभीर उदासीनता पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा ने सख्त रुख अपनाते हुए तीन दरोगाओं समेत कुल छह पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। इस कार्रवाई के बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
सूत्रों के अनुसार थाना नजीबाबाद क्षेत्र से उपनिरीक्षक देवी प्रसाद गौतम एवं मुख्य आरक्षी ब्रजेश कुमार को निलंबित किया गया है। वहीं थाना हीमपुर दीपा से उपनिरीक्षक जगत सिंह, उपनिरीक्षक विपिन कुमार, मुख्य आरक्षी दिनेश कुमार और सिपाही राहुल कुमार पर भी गाज गिरी है। सभी के खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।
बताया जा रहा है कि संबंधित पुलिसकर्मियों पर गौकशी जैसी संवेदनशील और गंभीर घटनाओं को रोकने में प्रभावी कार्रवाई न करने, संदिग्ध गतिविधियों पर समय रहते शिकंजा न कसने तथा क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर अपेक्षित सतर्कता न बरतने के आरोप लगे हैं। मामले को गंभीर मानते हुए एसपी ने बिना देरी कार्रवाई कर साफ संदेश दे दिया कि अब लापरवाही किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगी।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा ने जिले भर के थाना प्रभारियों और पुलिसकर्मियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ या कर्तव्यों में शिथिलता पाए जाने पर सीधे दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दो टूक कहा कि गौकशी जैसे मामलों में किसी भी स्तर पर नरमी या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
एक साथ छह पुलिसकर्मियों पर हुई कार्रवाई ने कई थानों में बेचैनी बढ़ा दी है। पुलिस विभाग के अंदर यह संदेश साफ माना जा रहा है कि अब केवल कागजी कार्रवाई नहीं, बल्कि जमीनी जवाबदेही तय होगी। आने वाले दिनों में गौकशी, अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को लेकर और भी सख्त कदम उठाए जा सकते हैं।




