Up. Bareilly: 2 एडीएम निलंबित, सितारगंज फोरलेन हाइवे के भूमि घोटाले में गिरी गाज…

सितारगंज फोरलेन हाईवे और पश्चिमी रिंग रोड के लिए भूमि अधिग्रहण मूल्यांकन में हेराफेरी कर सौ करोड़ से ज्यादा के घोटाले में वर्तमान एडीएम न्यायिक/विशेष भूमि अध्यापित अधिकारी आशीष कुमार और बरेली में नगर मजिस्ट्रेट/विशेष भूमि अध्यापित अधिकारी रहे मदन कुमार को निलंबित किया गया है। दोनों अधिकारियों को राजस्व परिषद से संबद्ध कर बर्खास्तगी की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इस प्रकरण में बरेली और पीलीभीत के 15 से अधिक अधिकारी निलंबित किए जा चुके हैं। इस मामले में कई और पीसीएस के अलावा तहसील सदर और तहसील नवाबगंज के लेखपाल और राजस्व निरीक्षक पर भी कार्रवाई के संकेत हैं। पीसीएस आशीष कुमार वर्तमान में एडीएम न्यायिक के पद पर तैनात थे और पिछले साल से विशेष भूमि अध्यापित अधिकारी का चार्ज भी संभाल रहे थे।
यह घोटाला इनके समय में ही उजागर हुआ है। मदन कुमार बरेली में 2021 में नगर मजिस्ट्रेट रह चुके हैं और उन्होंने विशेष भूमि अध्यापित अधिकारी का चार्ज लंबे समय तक देखा। उनके समय में ही सितारगंज फोरलेन हाइवे के लिए भूमि अर्जन के लिए मूल्यांकन कार्य हुआ था। उनके जाने के बाद कई अफसरों के पास विशेष भूमि अध्यापित अधिकारी का चार्ज रहा है। मदन कुमार अभी मऊ में एडीएम के पद पर तैनात हैं। दोनों अधिकारियों को राजस्व परिषद से संबद्ध कर दिया गया है।
सीनियर पीसीएस गणेश प्रसाद सिंह बर्खास्त
लखनऊ। बर्खास्त किए गए गणेश प्रसाद सिंह पर जौनपुर में मुख्य राजस्व अधिकारी रहने के दौरान वित्तीय अनियमितता का आरोप था। उन्हें निलंबित करते हुए राजस्व परिषद से संबद्ध किया गया था। आरोप है कि कुशीनगर में रहने के दौरान भी उन्होंने ग्राम समाज की जमीन नियमों के विपरीत जाकर पट्टे पर दी थी।
शासन ने इस संबंध में कुशीनगर के जिलाधिकारी से रिपोर्ट मांगी, जिसमें गड़बड़ी की पुष्टि होने पर उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए मुख्यमंत्री को प्रस्ताव भेजा गया था। मुख्यमंत्री के निर्देश पर उनके खिलाफ बर्खास्तगी की कार्रवाई की गई है।